Bharatpur News: भरतपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान रिसॉर्ट में भीषण आग, 2 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट; 2 किमी दूर तक दिखीं लपटें, शहर एक बड़े व्यापारी की बर्थडे पार्टी चल रही थी
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए भरतपुर शहर के अलावा नदबई, भुसावर और रूपवास से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कुल करीब 12 दमकल गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एएसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा के लिहाज से आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया और यातायात को डायवर्ट किया गया।
BHARATPUR NEWS
**भरतपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान रिसॉर्ट में भीषण आग, 2 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट; 2 किमी दूर तक दिखीं लपटें के , शहर एक बड़े व्यापारी की बर्थडे पार्टी चल रही थी **
विजय कुमार, JOURNALIST/DAILY INDIATIMES/RAJASTHAN NEWS
Bharatpur Fire: भरतपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान गैस लीक होने से एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा परिसर लपटों से घिर गया। रिसॉर्ट में रखे चार गैस सिलेंडरों में से दो में एक के बाद एक ब्लास्ट हो गए।
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में गुरुवार रात बर्थडे पार्टी के दौरान एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर सारस चौराहे से आगे स्थित ज्वाला कैटर्स मैरिज होम एंड रिसॉर्ट में गैस लीक होने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। रिसॉर्ट में रखे चार गैस सिलेंडरों में से दो में ब्लास्ट हो गया। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं।
हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। उस समय रिसॉर्ट में शहर के एक बड़े व्यापारी की बर्थडे पार्टी चल रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सिलेंडर के ऊपर लगी स्टॉव के नोजल से गैस लीक हो रही थी। इसी दौरान गैस ने आग पकड़ ली। आग फैलने के बाद रिसॉर्ट में रखे अन्य सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गए, जिनमें से दो में धमाके हुए। आग और धमाकों के बीच पार्टी में शामिल लोगों ने रिसॉर्ट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
12 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए भरतपुर शहर के अलावा नदबई, भुसावर और रूपवास से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कुल करीब 12 दमकल गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एएसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा के लिहाज से आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया और यातायात को डायवर्ट किया गया।
बिजली बंद होने से नहीं चला फायर फाइटिंग सिस्टम
भरतपुर नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने बताया कि मैरिज होम में फायर फाइटिंग सिस्टम लगा हुआ था, लेकिन बिजली बंद हो जाने के कारण वह काम नहीं कर सका। इसके चलते आग तेजी से फैल गई। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
**NEXT NEWS**

Rajasthan: पहले पति का कराया बीमा… फिर प्रेमी के साथ मिलकर करा दी पति की हत्या, पुलिस का बड़ा खुलासाराजस्थान के बहरोड़ से युवकी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाली पत्नी पर ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप लगा है। हत्या से पहले पति का बीमा कराने का भी मामला सामने आया है।
अलवर। बहरोड़ के बर्डोद में सड़क किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी ही शामिल थी। पत्नी ने पहले पति का एलआईसी में बीमा कराया और फिर अपने प्रेमी व उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को बाइक पर रखकर बर्डोद टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बर्डोद के लाडखानी मोहल्ला निवासी सतीश सैनी उर्फ लीलाराम के रूप में हुई थी। उसका शव 11 नवंबर को अलवर-बहरोड़ राजमार्ग पर वीरमती होटल के पास मिला था। सतीश मजदूरी और सेंट्रिंग का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी रेखा सैनी के बहरोड़ में हाईवे स्थित निजी वाहन गैराज संचालक राजेश उर्फ राजू मिस्त्री से कथित संबंध थे। पुलिस के अनुसार, सतीश उनके संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी के चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
हरियाणा में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, सतीश को हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित खानपुरा कृषि फार्म पर बुलाया गया था। यहां राजेश और उसका साथी समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम मौजूद थे। समशेर इसी फार्म पर काम करता था। आरोप है कि दोनों ने वहां सतीश पर हथौड़े से कई वार किए। इसके बाद उसे बाइक पर बीच में बैठाकर बर्डोद लाए और वीरमती होटल के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि वारदात को सड़क हादसा दिखाने और बीमा क्लेम हासिल करने की योजना थी।
60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुला राज
सदर थाना पुलिस ने सतीश के भाई मुकेश सैनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शव के सिर पर चोट के निशान और शरीर पर कड़बी के पत्ते मिलने से पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद घटनास्थल और आसपास के करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बाइक पर शव ले जाते दो संदिग्ध दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने राजेश उर्फ राजू मिस्त्री और समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
बानसूर में घर बनाकर रहती थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजेश ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका की पत्नी रेखा सैनी, प्रेमी राजेश उर्फ राजू मिस्त्री (34) निवासी पदमाड़ा खुर्द, थाना मुंडावर और समशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम (27) निवासी फतेहगंज पूर्वी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रेखा बानसूर में मकान बनाकर रहती थी, जबकि सतीश बर्डोद में रहता था। मामले की जांच जारी है।
**NEWS NEWS**

Gold-Silver Rates : सोने में करीब 53 हजार रुपए की गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, वैवाहिक सीजन में लौटी रौनक
Gold-Silver Rates : जानकारी के अनुसार एक वर्ष पहले सोने की कीमत 1 लाख 86 हजार 800 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। इस लिहाज से सालभर में करीब 53 हजार रुपए की गिरावट दर्ज हुई है
Gold-Silver Rates : बालोतरा। सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों के चलते लंबे समय से सुस्त पड़े ज्वेलरी कारोबार में वैवाहिक सीजन के साथ फिर रौनक लौटने लगी है। पिछले डेढ़ महीने में सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 18,300 रुपए से अधिक और चांदी की कीमत में प्रति किलो 21 हजार रुपए की गिरावट आई है। कीमतें घटने से आमजन के साथ विवाह की तैयारियों में जुटे परिवारों को बड़ी राहत मिली है। वर-वधू पक्ष के लोग जरूरत के अनुसार आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। इससे ज्वेलरी कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
एक साल में सोना करीब 53 हजार रुपए सस्ता
जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ महीने पहले सोने की कीमत 1 लाख 52 हजार 100 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो गुरुवार को घटकर 1 लाख 33 हजार 800 रुपए रह गई। इस अवधि में भाव 18 हजार 300 रुपए से अधिक नीचे आए हैं। वहीं, एक वर्ष पहले सोने की कीमत 1 लाख 86 हजार 800 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। इस लिहाज से सालभर में करीब 53 हजार रुपए की गिरावट दर्ज हुई है। चांदी के भाव में भी बड़ी कमी आई है। डेढ़ महीने पहले चांदी 1 लाख 88 हजार रुपए प्रति किलो थी, जो अब घटकर 1 लाख 67 हजार रुपए रह गई है। इस अवधि में 21 हजार रुपए की कमी आई है। वहीं, एक वर्ष में चांदी की कीमत में प्रति किलो लगभग 60 फीसदी गिरावट आई है।
शादी की खरीदारी ने बढ़ाई बाजार की रफ्तार
नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख तथा दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 11 और 12 तारीख को बड़ी संख्या में शादियां हैं। ऐसे में भाव कम होने से विवाह वाले परिवार सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। बिक्री में तेजी आने से ज्वेलरी कारोबारी भी राहत महसूस कर रहे हैं। पिछले एक वर्ष से सोने-चांदी की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई थीं। इसके चलते आम लोगों के लिए आभूषण खरीदना मुश्किल हो गया था। लोग जरूरत के मुताबिक भी खरीदारी नहीं कर पा रहे थे। इसका सीधा असर ज्वेलरी कारोबार पर पड़ा और बाजार में सुस्ती छाई रही। अब कीमतों में आई गिरावट ने खरीदारी को गति दी है।